भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने से पहले जनता के सवालों के जवाब दें कमलनाथ

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने से पहले जनता के सवालों के जवाब दें। शर्मा ने कहा है कि सर्जिकल स्ट्राइक के असर और परिणाम के बारे में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान काफी कुछ बता चुके हैं। देश की जनता भी सर्जिकल स्ट्राइक को साफतौर पर जानती है, लेकिन जवानों के शौर्य और पराक्रम से लिखी गई सच्चाई को कुछ लोग और उनकी पार्टी के नेता पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ उन सवालों का जवाब दे, जो प्रदेश की दुर्दशा को लेकर जनता उनसे पूछ रही है।


युवाओं को कब मिलेगा बेरोजगारी भत्ता 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में सवाल करना कांग्रेस की मजबूरी है, क्योंकि न तो कांग्रेस पार्टी में सब कुछ ठीक चल रहा है और न ही प्रदेश सरकार के पास बताने के लिए कोई उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को बताना चाहिए कि प्रदेश में कानून व्यवस्था क्यों चौपट हो गई है। किसानों की कर्जमाफी कब तक पूरी होगी और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता कब मिलेगा।